पानीपत। रिफाइनरी में काम कर घर लौट रहे एक मैकेनिकल इंजीनियर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर घायल कर दिया। वहीं, इंजीनियर के लैपटॉप से लेकर बाइक की नंबर प्लेट तक को भी तोड़ दिया गया। इंजीनियर के दोस्त ने उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया। जिसके बाद अब पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।
थाना पुराना औद्योगिक पुलिस को सौरव कुमार ने बताया कि रिफाइनरी टू जी प्लांट में मैकेनिकल इंजीनियर है। 27 जून को शाम करीब छह बजे रिफाइनरी से अपनी बाइक पर घर के लिए चला था। जैसे ही वह करीब सवा छह बजे के रिफाइनरी नहर की पटरी वाले रास्ते से शीला देवी पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे गढ़ी सिकंदरपुर की तरफ पहुंचा तो एक बाइक पर सवार दो युवक मुंह पर पड़ा बांधकर आए। आरोपियों ने उसकी बाइक को आगे आकर रूकवाया। इतने में पीछे से एक बाइक पर दो अन्य युवक और आ गए। सभी ने अपने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। आरोपियों ने उसकी बाइक का आगे पीछे नंबर देखा और उस पर डंडों से वार कर दिया। युवकों ने उसकी दोनों बाजू व पीठ पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया।। उसने बचाव में शोर मचाया तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सौरव कुमार ने बताया कि हमले में आरोपियों ने उसका लैपटॉप और बाइक की नंबर प्लेट तक को तोड़ दिया। उसने अपने दोस्त हरमीत सिंह निवासी गांव बोहली को बुलाया। हरमीत ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।