पानीपत। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी में शुक्रवार को 150 प्रतिभागियों को प्राथमिक सहायता का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य दुर्घटनाग्रस्त और बीमार व्यक्तियों की समय पर मदद के लिए युवाओं को जागरूक करना रहा।
रेडक्रॉस सचिव डॉ. गौरव रामकरण ने कहा कि प्राथमिक उपचार का ज्ञान हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेश चंद की देखरेख में सड़क सुरक्षा और आपदा के समय बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों को सीपीआर देने, बहते रक्त को रोकने, टूटी हड्डी को स्थिर करने और आगजनी के दौरान बचाव के उपाय सिखाए गए। रोगी को सुरक्षित एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की विधियां भी बताई गईं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल अभ्यास भी कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए आमजन को प्राथमिक उपचार और सीपीआर का ज्ञान होना आवश्यक है, ताकि हादसों में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।