माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जीएसटी चोरी के शक में पंचकूला से पहुंची चार टीमों ने सेक्टर-25 और इसके आसपास के चार बैंक्वेट हाॅल के खातों की जांच की। चारों टीमें दोपहर करीब तीन बजे पहुंचीं और देर रात तक इनकी जांच जारी रही। इस दौरान दूसरे बैंक्वेट संचालकों की भी धड़कन तेज रही। जीएसटी की टीम ने कुछ रिकॉर्ड भी लिया है।
इनका मिलान किया जाएगा और बैंक्वेट हाॅल संचालकों से भी रिकॉर्ड मांगा गया है। पंचकूला से जीएसटी के वरिष्ठ अधिकारी प्रणव शेखर के नेतृत्व में टीमें सेक्टर-25 स्थित सोमाया, शाम बाग, देवम और केमोलिया बैंक्वेट हाॅल में पहुंची। चारों टीमाें ने इनका लेखा-जोखा और अन्य रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रत्येक टीम में चार से पांच सदस्य थे। टीम ने शादी व अन्य अवसर पर बुकिंग का रिकॉर्ड जानने के साथ काटे बिल की राशि की भी जांच की। टीम मंगलवार देर रात तक इनकी जांच करती रही। इस दौरान बैंक्वेट हाॅल का स्टाफ और अन्य लोग भी वहीं रहे। वरिष्ठ अधिकारी प्रणव शेखर ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है। इसके बाद ही कुछ कहा जाएगा।