पानीपत। पांच माह की गर्भवती किशोरी का जिला नागरिक अस्पताल में गर्भपात कराने के बाद तीसरे दिन सोमवार को उसे छुट्टी मिल गई। फिलहाल डॉक्टरों ने किशोरी को आराम करने की सलाह दी है। वहीं किशोरी का कहना है कि गर्भपात के बाद अब वह पढ़ाई करना चाहती है और नए सिरे से जीवन जीना चाहती है। उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की भी गुहार लगाई है।
दूसरी ओर पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस अब तक आरोपी नाबालिग प्रेमी तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी प्रेमी के डीएनए सैंपल लिए जाने हैं। मामले में आगामी कार्रवाई पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को करनी है। पुलिस को किशोरी के फुफेरे भाई दलीप निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश से भी पूछताछ करनी है। कारण कि किशोरी ने पहले उसके साथ जबरन शादी का दावा किया था। उसके फुफेरे भाई और नाबालिग आरोपी प्रेमी के डीएनए सैंपल लिए जाएंगे ताकि जांच के बाद स्पष्ट हो सके कि किशोरी के गर्भ में पल रहा भ्रूण किसका था।
पुराना औद्योगिक क्षेत्र निवासी किशोरी ने दो मई को पुलिस में दर्ज कराए केस में बताया था कि उसकी शादी जबरन उत्तर प्रदेश के फैजाबाद क्षेत्र निवासी उसके फुफेरे भाई दलीप से कर दी गई थी। दलीप शादी के बाद उसे अपने गावं नबेड़, जिला कानपुर ले गया। यहां उसके साथ शारीरिक संंबंध बनाए और चंद दिनों बाद ही उसे छोड़कर दूसरी शादी कर ली। उस दौरान पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को उत्तर प्रदेश के बेवाना क्षेत्र में ट्रांसफर कर दिया। जब डीसी ने मामले में दोबारा किशोरी की काउंसलिंग कराई तो किशोरी ने बयान बदल दिए। उसने बताया कि पड़ोसी प्रेमी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे, इसलिए वह गर्भवती हुई है। इस संबंध में मामले की जांच अधिकारी एएसआई सोनिया ने बताया कि अब तक नाबालिग आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके डीएनए सैंपल लिए जाएंगे। किशोरी के फुफेरे भाई से भी पूछताछ होगी। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।