समालखा। समालखा गांव स्थित रामलीला ग्राउंड में श्री आदर्श शर्मा ड्रामाटिक क्लब के सौजन्य से 15वें राम कथा महोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में समाजसेवी श्याम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश मित्तल ने की।
भव्य कलश यात्रा रामलीला ग्राउंड से आरंभ होकर ब्लूजे रोड, चुलकाना रोड, रेलवे रोड और माता पुली रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गुजरी। इस यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया और पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान व्यास गद्दी पर विराजमान कथा वाचिका प्रवीणा भारती श्रद्धालुओं को संगीतमय राम कथा का श्रवण कराएंगी और भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों तथा मर्यादाओं का गुणगान करेंगी। यह राम कथा महोत्सव 19 अक्तूबर तक चलेगा, जिसमें श्रद्धालु रोजाना कथा का रसपान कर सकेंगे। इसके पश्चात आगामी 21 अक्तूबर को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। संवाद