पानीपत। राजनगर रेलवे फाटक पर 10 मिनट के अंतराल में ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे लाइन पार कर रहा था तभी ट्रेन आ गई और उसकी जान चली गई। दूसरे हादसे में फाटक बंद था, ट्रेन आने वाली थी। युवक आया और फाटक के नीचे से होकर रेलवे लाइन पार करने लगा तभी ट्रेन आ गई और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसों में मरे दोनों व्यक्तियों में से एक की शिनाख्त हो गई है जबकि दूसरे की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
उत्तर प्रदेश के जिले गाजीपुर के गांव सतकरण गौरशंकर प्रसाद (47) पिछले कई वर्ष से राजनगर में किराए पर रह रहा था। सेक्टर-29 स्थित एक फैक्टरी में श्रमिक था। उसका परिवार गांव में ही रहता है। गौरशंकर रविवार की दोपहर करीब 12 बजे मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था तभी ट्रेन आ गई। फाटक के गेटमैन ने आवाज लगाकर गौरशंकर को सचेत करने का प्रयास किया लेकिन उसे सुनाई नहीं दिया और ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। गेटमैन ने जीआरपी को कॉल कर हादसे की सूचना दी। जीआरपी ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को पानीपत शवगृह में रखवाया है।
दूसरे मोबाइल में सिम डालकर की शिनाख्त
ट्रेन की चपेट में आने के बाद गौरशंकर का मोबाइल टूट गया था। जीआरपी ने उसके मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डाला और उसकी पत्नी को हादसे की सूचना दी। हादसे के बाद परिवार में मातम छाया है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। सोमवार को परिजन पानीपत पहुंचेंगे।
बंद फाटक के नीचे से निकलकर ट्रैक पार करने में गई जान
राजनगर रेलवे फाटक पर करीब 12:10 बजे एक युवक और ट्रेन की चपेट में आ गया। इस वक्त फाटक बंद था और ट्रेन के आने का इंतजार किया जा रहा था तभी यह युवक आया और बंद फाटक के नीचे निकलकर ट्रैक पार करने लगा, इसी दौरान ट्रेन आ गई और कटने से उसकी मौत हो गई। अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को शवगृह रखवा दिया गया है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
रेलवे ट्रैक पार करते समय लापरवाही न बरतें : सिंह
दोनों व्यक्तियों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। एक व्यक्ति ट्रैक पार करते समय मोबाइल पर बात कर रहा था, दूसरा फाटक के नीचे से निकलकर ट्रैक पार कर रहा था। दोनों ने लापरवाही के कारण अपनी जान गवां दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। अब तक एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
-सतपाल सिंह, एसआई एवं जांच अधिकारी, जीआरपी