जाटल रोड पर फ्लाईओवर के नीचे से शनिवार को खून से लथपथ हालत में एक राज मिस्त्री का शव मिला है। उसकी हत्या ईंट-पत्थरों से पीट पीटकर की गई थी। शव को क्षत-विक्षत कर दिया गया है। जिससे उसकी पहचान ना हो सके। शनिवार सुबह वाल्मीकि मंदिर में पूजा करने आए स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर किशनपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पड़ोसी के अनुसार शुक्रवार शाम राजमिस्त्री का पत्नी के साथ झगड़ा हो गया था, इसलिए वह घर से चला गया था।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से उझा गांव का रहने वाला 35 साल का मुकेश सैनी पिछले पांच माह से शास्त्री कॉलोनी में अपनी पत्नी सोनिया के साथ किराये पर रह रहा था। शुक्रवार रात को मुकेश और सोनिया का आपस में झगड़ा हो गया। इससे नाराज होकर मुकेश घर से चला गया था। उसकी पत्नी सोनिया अपनी सास के पास गांव उझा में चली गई थी। सुबह मुकेश का शव खून से लथपथ हालत में मिला। अब तक हत्यारों का सुुराग नहीं लगा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ऐसे हुई शिनाख्त
जाटल रोड पर फ्लाईओवर के नीचे वाल्मीकि मंदिर के पास शनिवार सुबह आठ बजे अज्ञात युवक का शव मिलने पर लोगों ने इसकी सूचना वार्ड-19 के पार्षद पति जोनी और किशनपुरा चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल की जांच की तो शास्त्री कॉलोनी निवासी आंटी नामक महिला का नंबर सेव मिला। महिला से हुई बातचीत से खुलासा हुआ कि मृतक उसका पड़ोसी है। पुलिस मृतक के घर पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने ताला तोड़ मकान की तलाशी ली, तो अंदर से मिले आधार कार्ड से मृतक की शनाख्त हुई।
मृतक मुकेश का दूसरी पत्नी से अकसर होता था झगड़ा
मृतक मुकेश की पड़ोसी महिला ने बताया कि मुकेश की असम निवासी पत्नी की 10 साल पहले संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इसके बाद मुकेश ने पत्नी की छोटी बहन सोनिया से शादी कर ली थी। दूसरी शादी के बाद भी उसका कोई बच्चा नहीं हुआ। पड़ोसी ने बताया कि मुकेश का शुक्रवार को सुबह सोनिया के साथ काम पर जाने की बात को लेकर झगड़ा हो गया था। शाम 5:30 बजे के बाद से उसने पत्नी सोनिया और पति मुकेश दोनों को घर पर नहीं देखा।
शव के पास पड़े मिले खून से सने ईंट-पत्थर और शराब की खाली बोतल
हत्या की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने मौके से खून से सने 8 से 10 ईंट-पत्थर बरामद किए हैं। वहीं शव के सिर के पास पड़े 2 पव्वे व एक हाफ से फिंगरप्रिंट उठाए हैं। अनुमान है कि मुकेश के साथ बदमाशों ने पहले शराब पी और नशे में धुत्त होने के बाद मुकेश की बेरहमी से ईंट पत्थर से वार कर हत्या कर दी।
खुद को बचाने में जुटा रहा मकान मालिक
किशनपुरा चौकी पुलिस जैसे ही मुकेश के किराए के घर पहुंची तो गेट बंद था। पुलिस ताला तोड़कर अंदर गई और मकान मालिक हरीशचंद्र को बुलाया। पूछताछ हुई तो मालिक ने बताया कि मुकेश पत्नी के साथ डेढ़ माह से उनके मकान में रह रहा था। जबकि पड़ोसी ने बताया कि मालिक भी झूठ बोल रहा है, मुकेश पांच माह पहले से मकान में रह रहा था। पुलिस ने मालिक ने आईडी मांगी तो वह पेश नहीं कर पाया। इस पर पुलिस ने मकान मालिक को भी डांट लगाई।
आज होगा शव का पोस्टमार्टम- हरिवंद्र सिंह
मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपियों की धरपकड़ जारी है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- हरविंद्र सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी