गांव धनसौली सहकारी समिति में नियमों को ताक पर रखकर गलत तरीके से प्रबंधन कमेटी ने अधिकारियों से सांठगांठ कर तीन नई नियुक्तियां करा दी । इसको लेकर पैक्स मेंबरों व ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और नई तीनों नियुक्तियों को रद्द करने की मांग की।
ग्रामीण सतवीर, रणबीर, सुखबीर, बिंदर, पाला नंबरदार, आदि का कहना है कि 2 माह पूर्व 20 जनवरी को पैक्स प्रबंधन कमेटी ने अपनी पावर का गलत इस्तेमाल कर पैक्स प्रबंधक से जबरन तीन नई नियुक्तियां करा दी जो कि नियम अनुसार गलत हैं। इसकी शिकायत उन्होंने उसी समय सीएम विंडो व संबंधित अधिकारियों से कर नई नियुक्ति रद्द करने की मांग की थी। अभी तक कार्रवाई के नाम पर औपचारिकताएं हो रही हैं। अगर नियुक्ति रद्द नहीं हुई तो वह हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। इस विषय पर और सहकारी समिति के निरीक्षक सुदर्शन का कहना है कि उन्होंने रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेज दी है निर्णय उन्हें लेना है।