पानीपत। सावन महीने के पहले सोमवार को आधे घंटे बारिश हुई, वहीं मंगलवार करीब डेढ़ घंटे हुई तेज बारिश ने शहर वासियों के पसीने छूटा दिए। बारिश के चलते सड़कें डूब गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण जीटी रोड सहित शहर की मुख्य सड़कों पर शाम तक वाहन चालक फंसे रहे। असंध और गोहाना रोड अंडर के नीचे पानी भर जाने से जाटल और गोहाना रोड पर भी शाम तक जाम लगा रहा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार शहर में डेढ़ घंटे में 19 एमएम बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई है। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है।
आसमान में मंगलवार को दोपहर 12 बजे अचानक बादल छा गए। इसके साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। डेढ़ बजे तक लगातार बारिश होती रही। बारिश के चलते जीटी समेत शहर की मुख्य गलियों और सड़कों पर करीब तीन फुट तक पानी भर गया। जलभराव से प्रशासन के मानसून से पहले पानी निकासी के उचित प्रबंध के दावों की भी पोल खुल गई।
जीटी रोड पर घुटनों तक पानी भर जाने से लंबा जाम लग गया। बाइक और अन्य दोपहिया वाहन चालकों को जलभराव से सबसे ज्यादा परेशानी हुई। लोगों को अनाज मंडी से बस स्टैंड तक पहुंचने में बीस मिनट की जगह तीन घंटे तक का समय लग गया। अंडर पास के नीचे पानी जमा होने से सुबह गोहाना रोड, जाटल रोड और असंध रोड पर जाम लग गया।
शहर वासी अजीत, आशिश, राजेंद्र, बिमला, अंजू, साहिल, बबीता, अशोक ने बताया कि बारिश राहत की बजाए आफत लेकर आई। बारिश से बस स्टैंड, लघु सचिवालय, इंसार बाजार, संजय चौक, आईबी कॉलेज के सामने, बस स्टैंड, खादी आश्रम, रेलवे रोड आदि मुख्य मार्गों पर घुटनों तक पानी भर गया।
जीटी रोड पर रेंगते रहे वाहन
बारिश के कारण हुए जलभराव के कारण जीटी रोड पर शाम तक वाहन रेंगते रहे। शहर में ही जलभराव से हालात बद्तर हो गए।
बारिश में स्कूली बच्चों ने की मस्ती
तेज बारिश में स्कूली बच्चे मस्ती करते दिखे। डेढ़ घंटे की बारिश से गलिया में घुटनों तक पानी जमा हो गया। दोपहर के समय विद्यार्थियों की छुट्टी का समय था। ऐसे में स्कूल बारिश में भीगते हुए घर तक पहुंचे।
शहर के सेक्टर-25 और 29 में हुई बूंदाबांदी
शहर के सेक्टर-25 और 29 में बूंदाबांदी ही हुई। शहर में डेढ़ घंटे में 19 एमएम बारिश दर्ज की गई। किसान किशना, हवा सिंह, दिलवार, पाल्लेराम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई है। बारिश से धान में पानी की बचत होगी।