संवाद न्यूज एजेंसी
मतलौडा। पानीपत थर्मल पावर स्टेशन (पीटीपीएस) के रेलवे यार्ड में बुधवार को उत्तर रेलवे के डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की खामियां सामने आईं। कई जगह रेलवे ट्रैक कोयले और मिट्टी के नीचे दबा मिला और कुछ स्थानों पर पटरी दिखाई तक नहीं दे रही थी। वहीं ट्रिपलर नंबर पांच और छह के निरीक्षण में पैड फटे मिले। डीआरएम ने ट्रैक के आसपास जमा कोयला-मिट्टी तुरंत हटाने और क्षतिग्रस्त पैड की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी 25 सदस्यीय टीम के साथ पीटीपीएस के यार्ड और ट्रिपलर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने रेलवे यार्ड के साथ ट्रिपलर नंबर पांच और छह का बारीकी से जायजा लिया। ट्रैक पर कोयला और मिट्टी जमा होने पर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समय पर सफाई नहीं हुई तो ट्रेन संचालन के दौरान हादसे का खतरा बना रह सकता है। इसके बाद अधिकारियों को ट्रैक के आसपास जमा सामग्री तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
रैक खाली करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा
डीआरएम ने कोयले की बोगियों वाले रैक को खाली करने में लगने वाले समय और देरी के कारणों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। रेलवे यार्ड में बड़ी-बड़ी झाड़ियां और घास उगी मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और थर्मल अधिकारियों को तत्काल कटाई कराने को कहा।
डीआरएम का निरीक्षण दोपहर 12:55 बजे तक चला। वहीं पीटीपीएस के कार्यवाहक चीफ इंजीनियर विकास वधवा ने बताया कि उत्तर रेलवे के डीआरएम का दौरा सामान्य रहा। उनके अनुसार निरीक्षण के दौरान संयंत्र की व्यवस्थाएं सामान्य मिली हैं।