पानीपत। एथेनॉल की चोरी कर बेचने और खरीदने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। गिरोह के तार सहारनपुर और गोरखपुर से जुड़े हैं। जांच में सामने आया है कि चोरी का एथेनॉल खरीदने के बाद सहारनपुर और गोरखपुर में सप्लाई किया गया था।
जहां पर अवैध शराब और अन्य प्रयोग में एथेनॉल को लाया गया था। पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों की तलाश में सहारनपुर में भी दबिश दी। सूत्रों का दावा है कि जल्द ही इस मामले में कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। पानीपत पुलिस ने 11 माई को एथेनॉल चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था।
उस समय चार आरोपियों रसूलाबाद उन्नाव यूपी निवासी नीरज, तहसील कैंप तेज कॉलोनी निवासी प्रवीन, जौरासी खालसा निवासी मेगराज व सोनीपत के मॉडल टाउन निवासी सोमनाथ उर्फ सोमी को स्काईलार्क मार्केट रोड पर गंदा नाला के नजदीक से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वह एथेनॉल खरीदकर अलग-अलग व्यक्तियों को बेच देते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने इस मामले की जांच सीआईए-3 की टीम को सौंपी थी। टीम ने बीते मंगलवार को एक अन्य आरोपी साजिद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साजिद ने एथेनॉल खरीदने की बात स्वीकार की थी।
साथ ही बताया था कि उसने एथेनॉल की खेप सहारनपुर और गोरखपुर में बेची थी। साथ ही बताया था कि एथेनॉल का प्रयोग अवैध शराब में भी किया जा रहा था। जिसके बाद सीआईए-3 की टीम ने सहारनपुर में दबिश दी थी। टीम ने संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर जांच की थी।
साथ ही गोरखपुर में भी मामले की जांच की गई है। सूत्रों का दावा है कि जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सीआईए-3 इंचार्ज विजय कुमार ने बताया कि टीम कुछ दिन पहले जांच के लिए सहारनपुर पहुंची थी। अभी कुछ अन्य व्यक्तियों के नाम इस मामले में सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।