कोरोना वायरस के भय के बीच दवा व्यापारी जमकर मुनाफा कमा रहे हैं। सोमवार को ड्रग कंट्रोलर विजय राजे राठी ने पांच मेडिकल स्टोर पर छापे मारे और सभी मास्क की कालाबाजारी की जाती पाई गई। पांच रुपये का मास्क 20 से 15 रुपये में बेचा जा रहा है। ऐसे में चार गुना पैसे कमाए जा रहे हैं। मास्क बनाने वाली कंपनियां मेडिकल स्टोर पर 11-12 रुपये के एक मास्क को मार्केट में 20-25 रुपये का बेच रहीं हैं। 90 रुपये का थ्री लेयर एन-95 मास्क 300 रुपये में बेचा जा रहा है। यह भी सामने आया है कि मास्क बनाने की कई नई फैक्टरियां भी शहर में खुल गई हैं। जो 10 हजार से कम मास्क का ऑर्डर ही नहीं ले रहीं हैं। इसकी भी जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। सेनेटाइजर भी अधिकतम मूल्य से अधिक पर बेचा जाता पाया गया। किसी भी मेडिकल स्टोर संचालक के पास मास्क और सेनेटाइजर की खरीद का बिल भी नहीं मिला। सभी मेडिकल स्टोर का एक ही जवाब था कि उन्हें ही निर्माता कंपनी ने बिल नहीं दिय है। डीसीओ ने इन सबको चेतावनी जारी की है।
सिविल अस्पताल में भी नहीं हैं मास्क
मास्क का टोटा सिविल अस्पताल भी झेल रहा है। दो दिन से सिविल अस्पताल में मास्क नहीं है। पांच दिन पहले सिविल अस्पताल में 500 मास्क आए थे वो खत्म हो चुके हैं। अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले कर्मचारी ने बताया कि लोग मास्क ना होने के कारण बहुत परेशान है। उनको बाहर से महंगे दामों पर मास्क खरीदने पड़ रहे हैं। उनको अपने रूमाल का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
कोरोना वासरस रूम में तैनात किए डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन
सिविल सर्जन के निर्देशों पर एमएस डॉ. आलोक जैन ने एक एमबीबीएस डॉक्टर की 24 घंटे कोरोना वायरस रूम में ड्यूटी लगा दी है। एक डॉक्टर के साथ दो स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन 24 घंटे यहां पर तैनात रहेगा। जो भी मरीज आएगा, उसके सैंपल लेकर तुरंत जांच की जाएगी।
सिविल सर्जन की चेतावनी, डॉक्टर छुट्टी पर मिला तो कटेगा वेतन
स्वास्थ्य विभाग के हाई अलर्ट के बाद भी डॉक्टर छुट्टी लेने से बाज नहीं आ रहे हैं। डॉक्टर बहाने बनाकर छुट्टी ले रहे हैं। जब एमएस डॉ. आलोक जैन ने इस बारे में सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा को बताया कि उन्होंने इस संबंध में उन्हें सख्त निर्देश दिए कि जो भी डॉक्टर छुट्टी पर रहेगा। उसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी और गैर हाजिर रहने पर उसका वेतन काटा जाएगा।
आइसोलेशन वार्ड में लगाए गए 16 बेड-
कोरोना वायरस के अलर्ट के बीच अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड और स्पेशल कोरोना रूम में बनाया गया है। इमरजेंसी वार्ड के एक गेट को बंद कर दिया गया है। जिससे लोग आइलोसेशन वार्ड की ओर ना आ सके। आइसोलेशन वार्ड में 16 बेड लगाए गए हैं। यहां पर 24 घंटे तीन नर्सों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
संदिग्ध मरीज मिले तो करें कॉल
कोरोना वायरस के मरीज की डिटेल देने, बीमारी संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 0180-2640255, लैंडलाइन फोन से 108 और मोबाइल फोन से 0180-108 डायल कर सकते हैं। इन नंबरों पर बात नहीं होने पर मोबाइल नंबर 7027858102 व 7404592936 पर कॉल करें।
यह है कोरोना
कोरोना वायरस जानवरों में पाया जाने वाला एक वायरस है। रेअर केसेज यानी जेनेटिक में ये जानवरों से लोगों में पहुंचता है। इसकी वजह से रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट की समस्या हो सकती है, जो आम जुकाम की तरह है।
वर्जन
हमने सोमवार को कुछ मेडिकल स्टोर की जांच की है। यहां पर कुछ मेडिकल स्टोर वालों के पास परचेज का बिल नहीं मिला है। मास्ट भी काफी महंगे दामों पर बेचते पाए गए है। मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश व चेतावनी भी दी गई है।
- विजय राजे राठी, डीसीओ पानीपत
- सभी डॉक्टरों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है: डॉ. वर्मा
डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वो अलर्ट पर रहे। कोरोना वायरस रूम में डॉक्टर व फार्मासिस्ट को तैनात कर दिया है। आईशोलेशन वार्ड में 16 बेड लगाए गए हैं। लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। लोग बहकावे में ना आए जागरूक रहें।
- डॉ. संतलाल वर्मा, सिविल सर्जन पानीपत।