पानीपत। होली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग व उड़नदस्ता की टीम ने गुप्त सूचना पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे से शाम पांच बजे तक खाद्य दुकानों पर छापा मारा। टीमों ने पांच दुकानों से अलग-अलग चीजों के 15 सैंपल लिए थे। इन्हें जांच के लिए पंचकूला लैब में भेज दिया है। 10 दिन बाद सैंपल की रिपोर्ट आएगी। उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सुबह छह बजे सनौली में शिव मावा भंडार पर सप्लाई के लिए आ रही गाड़ी से पनीर व खोया के सैंपल लेने के बाद टीम सनौली रोड पर हरियाणा मावा भंडार पर पहुंची थी। मावा भंडार से खाद्य सुरक्षा विभाग को यहां पर एक ड्रम रसगुल्ला, चार ड्रम गुलाब जामुन, 130 किलोग्राम पनीर व 130 किलोग्राम मावा मिला। टीम ने यहां से सात सैंपल भरे। इसके बाद टीम ने 12 बजे बबैल नाका स्थित मिठाई दुकान से मिठाइयों के दो सैंपल लिए और टीम गोहाना रोड की ओर रवाना हो गई। यहां भी एक दुकान से दो सैंपल लिए गए। उड़न दस्ता टीम की सिफारिश पर इनके सैंपल की रिपोर्ट जल्द मंगवाई गई है।
उड़नदस्ता टीम ने खाद्य सुरक्षा को नहीं दी थी जानकारी
खाद्य सुरक्षा विभाग पर मिठाई दुकानदारों के साथ अक्सर मिलीभगत के आरोप लगते रहे हैं। अब शिकायतकर्ता ने दुकानदारों की शिकायत उड़नदस्ता टीम को दी थी। इसी पर सुबह उड़नदस्ता टीम के सब इंस्पेक्टर राजसिंह ने अचानक पांच बजे खाद्य सुुरक्षा विभाग के जिला अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी को कॉल कर अलर्ट पर रहने को कहा। साढ़े पांच बजे डॉ.संदीप को सिविल अस्पताल बुलाया गया।
6:30 बजे इन्हें सनौली बुला लिया गया। इसके बाद उड़न दस्ता टीम बिना कोई जानकारी दिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का अलग-अलग जगह बुलाती रही। पहले उड़नदस्ता की टीम खुद लोकेशन पर पहुंची फिर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया गया। उड़नदस्ता टीम को शक था कि पहले लोकेशन बताने पर दुकानदारों का अलर्ट कर दिया जाएगा।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई हुई एसआई
गुप्त सूचना पर खाद्य दुकानों पर कार्रवाई की गई है। सैंपल भरवाकर जांच के लिए भिजवा दिए गए हैं। सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।
राजसिंह, एसआई , उड़न दस्ता टीम
तीन दिन में दूसरी बार शिव मावा भंडार पर छापा
बापौली। शहर के मुख्य मावा कारोबारी शिव गुप्ता के गोदाम पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते एवं खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को छापा मारा। तीन दिन में दूसरी बार शिव मावा भंडार पर कार्रवाई की गई है। इस बार उनकी दुकान पर उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे पनीर एवं मावे का भी सैंपल लिया गया। पिकअप में लाए जा रहे माल को रोका गया। टीम ने पनीर एवं खोए के दो-दो सैंपल लिए और जांच के लिए पंचकूला लैब में भेजा है। पिछले दो वर्ष में शिव मावा भंडार से सात बार सैंपलिंग की जा चुकी है। उन पर लगातार मिलावट करने के आरोप लगते रहे हैं। उनके खिलाफ कष्ट निवारण समिति में भी शिकायत लगाई गई थी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर शुक्रवार सुबह सनौली रोड पर सनौली थाने के सामने नाकाबंदी की। टीम को सूचना मिली थी कि शामली से शिव मावा भंडार पर माल आता है। सुबह साढ़े बजे टीम ने शामली की ओर से आई एक पिकअप गाड़ी को रोका। चालक की पहचान शामली के गांव शोधारामपट्टी निवासी शिवराज के रूप में हुई। जांच करने पर पिकअप में 180 किलोग्राम मावा और 250 किलोग्राम पनीर मिला। पनीर और मावे के दो-दो सैंपल लिए गए।
पानीपत। सनौली रोड पर हरियाणा मावा भंडार पर सैंपल लेते हुए।- फोटो : Panipat