पानीपत। पंजाब में किसानों के विभिन्न स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर उतरने से लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनें रद्द होने का पता लगने के बाद यात्री स्टेशन पर टिकट कैंसल करवाने के लिए पहुंचते रहे। मंगलवार को दोपहर बाद तक करीब 20 यात्रियों ने अपनी टिकट कैंसल करवाई।
पंजाब में किसान अपनी मांगों को लेकर रेलवे ट्रैक पर उतर आए थे। किसानों के आंदोलन को देखते हुए रेलवे मुख्यालय ने इस रूट पर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया। जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया जिसका खामियाजा उन यात्रियों को भुगतना पड़ा, जिन्होंने इन ट्रेनों में पहले से ही अपनी टिकट बुक करवाई हुई है। ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को अपनी यात्रा भी टालनी पड़ी। रद्द की गई ट्रेनों में आठ ट्रेनें ऐसी हैं, जिनका ठहराव पानीपत जंक्शन पर होता है।
ये ट्रेनें रहीं रद्द
मंगलवार को दिल्ली-अंबाला-दिल्ली रूट पर मालवा एक्सप्रेस (12919/20), इंटरसिटी एक्सप्रेस (12459/60), ऊंचाहार एक्सप्रेस (14217/18), आम्रपाली एक्सप्रेस (15707/08), झेलम एक्सप्रेस (11078), जम्मू मेल (14034), दिल्ली सुपरफास्ट (22430), दादर एक्सप्रेस (11058) रद्द रही जिससे यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ी। ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को दूसरी ट्रेनों या बसों का सहारा लेना पड़ा।
पंजाब में किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। ट्रेनों के रद्द होने के कारण यात्रियों को थोड़ी परेशानियां झेलनी पड़ी है। आगामी दिनों भी पंजाब में किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रह सकता है। - दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।