पानीपत। शहर की सफाई के टेंडर के विरोध में शहर के जनप्रतिनिधि आक्रामक हो गए हैं। इसे लेकर कोई अपने आलाकमान तो कोई अपने संगठन के पदाधिकारियों को मामले की पूरी रिपोर्ट सौंप रहा है। कई पार्षद शहरी विधायक से भी मिले तो कुछ निगम आयुक्त से भी सवाल जवाब करने पहुंचे। इनका कहना है कि वे इस मामले को सीएम तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने यहां तक चेतावनी दी कि अब वे कुछ बड़ा करेंगे, जिसका किसी को अंदाजा तक नहीं होगा। अब इस मामले पर सीधा एक्शन होगा। इसे लेकर बुधवार को दिन भर पार्षदों की अलग-अलग जगहों पर बैठकें भी होती रहीं। पार्षदों ने कहा कि वे शहर को लुटने नहीं देंगे। आरोप लगाते हुए कहा कि इस टेंडर में सीवीसी यानी सेंट्रल विजिलेंस कमीशन तक के नियमों को ताक पर रखा गया है।
टेंडर का विरोध कर रहे पार्षदों ने बार-बार अपने ही प्रतिनिधियों पर एक ही सवाल दागा कि उनसे टेंडर प्रक्रिया को क्यों छुपाया गया। वहीं, पार्षदों के तीनों मेयर के खिलाफ बयानबाजी पर सीनियर डिप्टी मेयर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट उनकी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के पास पहुंच चुकी है। पूरा मामला संगठन पदाधिकारियों के संज्ञान में है।
पार्षद चंचल डावर ने कहा कि शहर की जनता सब जानती है। पूरा प्रकरण पार्षदों को भी पता है। इसकी पूरी सूचना पदाधिकारियों को दी गई है। इसके खिलाफ रणनीति बनाई जा रही है। अब एक्शन का इंतजार है। वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर ने कहा कि उन्होंने पार्टी संगठन को विस्तार से पूरे प्रकरण की जानकारी पहले से दे दी थी। मामला वरिष्ठ पदाधिकारियों के संज्ञान में है। अब उनके आदेशों पर ही आगामी कार्रवाई होगी।