असंध रोड स्थित बालाजी अस्पताल में वीरवार रात नौ बजे सफीदों की पंजाब नेशनल बैंक की लोन मैनेजर हरप्रीत कौर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके परिजनों ने पति, दो ननद, उनके पति व सास पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। जब मैनेजर जहर के प्रभाव से बेसुध होकर कमरे में पड़ी थी, तब उसकी चार साल की बेटी ने अपने मामा को फोन कर मां की हालत के बारे में बताया। इस दौरान महिला के पति ने उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अंबाला के गांव तेपला निवासी रविंद्र ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी हरप्रीत कौर(32) की शादी सफीदों निवासी प्रभप्रीत के साथ एक नवंबर 2015 को हुई थी। उनकी बेटी पंजाब नेशनल बैंक में लोन मैनेजर थी, जबकि दामाद भी केनरा बैंक में मैनेजर है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी के पति प्रभप्रीत, सास सुखविंद्र कौर, ननद राजबीर कौर और अमनदीप कौर ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना और मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया था। वीरवार को रात आठ बजे हरप्रीत कौर की 4 साल बेटी निर्मत कौर ने उन्हें वीडियो कॉल की। जिसमें बेटी हरप्रीत जमीन पर पड़ी हुई थी और उसके आसपास कोई नहीं था। इसके बाद उन्हें सूचना मिली कि दामाद प्रभप्रीत हरप्रीत को पानीपत के बालाजी अस्पताल लेकर गया है। जब वह अस्पताल पहुंचे तो हरप्रीत मृत मिली। अस्पताल के स्टाफ से पता चला कि दामाद एटीएम से रुपये निकालने की बात कहकर फरार हो गया है।
बेटी पर इनोवा का बना रहा था दबाव-
हरप्रीत कौर की मां बलविंद्र कौर ने बताया कि हरप्रीत को उन्होंने शादी में स्विफ्ट गाड़ी दी थी। जबकि उसने दूसरी बेटी रुपेंद्र कौर की शादी की तो उसने ब्रेजा कार दी थी। इस पर दामाद प्रभप्रीत ने हरप्रीत पर नई गाड़ी लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और कई बार उससे मारपीट भी की। दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बेटी 2019 में अंबाला आकर रहने लगी थी। उसने बैंक से भी अपना ट्रांसफर यमुनानगर की शाखा में करवा लिया था। बाद में दामाद माफी मांगकर उसे अपने साथ ले गया।
मामू मम्मी को बचा लो, कहकर रो रही थी भांजी : हरमन सिंह
मृतका हरप्रीत के भाई हरमन सिंह ने बताया कि उसके पास वीरवार रात करीब आठ बजे भांजी निर्मत कौर की वीडियो कॉल आई। जिसमें वह रो रही थी और कह रही थी कि मामू, मम्मी को बचा लो, उन्हें पता नहीं क्या हो गया। जिसके बाद निर्मत ने कैमरा हरप्रीत की तरफ किया तो वह जमीन पर पड़ी हुई थी और मदद के लिए अपील कर रही थी।
कुछ दिन पहले आया था फोन
मृतका हरप्रीत के पिता रविंद्र सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले बेटी हरप्रीत का उसके पास फोन आया था। उसने अपनी मां बलविंद्र को बताया था कि प्रभप्रीत का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसलिए वह उसे मानसिक परेशान कर रहा है और उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता।
दहेज के लिए हत्या समेत चार धाराओं के तहत केस दर्ज
जींद के सिटी सफीदों थाना पुलिस के प्रभारी अब्बास ने बताया कि आरोपी पति प्रभप्रीत, सास सुखवंत कौर, ननद राजबीर कौर, ननद अमनदीप कौर, राजबीर के पति देवेंद्र और अमनदीप के पति देवेंद्र के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या, धारा 328,498-ए और आईपीसी 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है और पानीपत के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।