माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। करीब 30 साल बाद विकास कार्यों की राह पर बढ़े सेक्टर-6 में तीन मॉडल सड़कों की परियोजना विवादों में घिर गई है। आरडब्ल्यूए और सेक्टरवासी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरडब्ल्यूए प्रधान और ठेकेदार की मिलीभगत से प्रस्तावित दो मुख्य सड़कों को हटाकर आंतरिक सड़कों पर काम शुरू कर दिया गया, जबकि वहां फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाना व्यावहारिक नहीं है।
दूसरी ओर, आरडब्ल्यूए प्रधान अर्जुन शर्मा ने इसे राजनीतिक हस्तक्षेप बताते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से शिकायत करने की बात कही है। गौरतलब है कि नगर निगम ने सेक्टर-6 में तीन मॉडल सड़कों के निर्माण के लिए करीब छह करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर जारी किया है। योजना के तहत सेक्टर-6-7 डिवाइडिंग रोड, एसडी इंटरनेशनल स्कूल और कोर्ट के पास से गुजरने वाली करीब 2.47 किलोमीटर सड़क विकसित की जानी थी।
आरोप है कि डिवाइडिंग रोड और कोर्ट मार्ग को हटाकर कम्युनिटी सेंटर के आसपास की आंतरिक सड़कों पर काम शुरू कर दिया गया। सेक्टरवासियों रमेश, हरदीप और कमल का कहना है कि मूल सड़कों पर ही फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाना उपयुक्त रहेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान बिना अनुमति एक बड़ा पेड़ काट दिया गया।
पार्कों के कार्यों पर भी सवाल
सेक्टर-6 के चार पार्कों में चल रहे विकास कार्य भी विवादों में हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्क नंबर-1 और 2 के करीब 25-25 लाख रुपये के कार्यों का भुगतान हो चुका है, जबकि काम अधूरा है। पार्क नंबर-3 और 4 में भी क्रमश: 51 लाख और 48 लाख रुपये के कार्यों में आधा काम ही हुआ है। सेक्टरवासी रमेश, हरदीप और कमल ने आरोप लगाया कि सेक्टर के अंदर सड़क के साथ फुटपाथ, साइकिल ट्रैक के लिए जगह नहीं है। इनको मूल सड़क पर ही बनाना ठीक रहेगा। आरोप हैं कि ठेकेदार ने पाइप लाइन बिछाने के दौरान एक बड़ा पेड़ बिना मंजूरी तोड़ दिया गया। इसे अब एक खाली प्लॉट में डाला गया है।
मैं एक महीने से अपने पैतृक गांव में था। इस दौरान कुछ लोग सेक्टर-6-7 डिवाइडिंग रोड और कोर्ट के पास की प्रस्तावित मॉडल सड़क को अंदर की ओर ले गए। तीनों सड़कें मूल प्रस्ताव के अनुसार ही बनेंगी। पार्कों में पूरा काम होने से पहले किसी ठेकेदार का भुगतान नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
-अर्जुन शर्मा, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-6
टेंडर में शामिल तीनों प्रस्तावित सड़कों पर ही मॉडल सड़क विकसित की जाएगी। इनमें साइकिल ट्रैक, डिवाइडर सहित सभी सुविधाएं रहेंगी। पार्कों का पूरा कार्य पूरा होने के बाद ही ठेकेदार को अंतिम भुगतान किया जाएगा।
-नवीन कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
सेक्टर-6 के एक खाली प्लॉट में तोड़कर डाला पेड़। संवाद- फोटो : samvad