पानीपत। बहुप्रतीक्षित गांव डाहर स्थित नई शुगर मिल के शुभारंभ की तैयारी होने लगी है। यहां पर किसानों से गन्ना मंगवाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए मिल प्रबंधन गन्नों के बॉन्ड यानी पर्ची तक बनवा रहा है। मिल प्रबंधन के अनुसार, 15 मार्च तक मिल यार्ड में गन्ने का स्टॉक लगवाया जाएगा। इसके बाद 16 मार्च से पेराई शुरू हो जाएगी। एक माह तक इसका ट्रायल किया जाएगा।
इस बीच सब कुछ सही रहा तो फिर मिल में काम तेज रफ्तार पकड़ेगा। तब तक दोनों मिल चालू रखे जाएंगे। ये बातें बुधवार को शुगर मिल प्रबंधक नवदीप सिंह ने कहीं। उन्होंने बताया कि नई मिल के निर्माण की तैयारियां अपनी चरम सीमा पर हैं। लगभग सभी मशीनों के ट्रायल किए जा रहे हैं। इसके बाद मिल को नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मिल की गन्ना पेराई की क्षमता 50 हजार क्विंटल प्रतिदिन की है। वहीं, जिले भर में अभी करीब 30 लाख क्विंटल गन्ना बाकी है इसलिए पहले दोनों मिल को चलाया जाएगा। अगर मिल सफलतापूर्वक चली तो इस लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा।