पानीपत। ठग ने एक निजी स्कूल के अध्यापक से 96500 रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने अध्यापक को टास्क पूरा कर पैसे कमाने का झासा दिया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
देहरा गांव निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में अध्यापक है। 23 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर एक संदेश आया था। संदेश में घर बैठे नौकरी का जिक्र था। संदेश में एक लिंक था। उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसे टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ लिया गया। फिर उसको ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर पैसे कमाने का झांसा दिया गया। उसने टास्क पूरा किया तो उसे पांच हजार रुपये मिले। इसके बाद टास्क देने के लिए उससे पैसे मांगे गए। उसने 96500 रुपये उनके खाते में जमा करा दिए लेकिन उसको न टास्क मिले और न ही उसके पैसे वापस दिए।