पानीपत। सिवाह गांव स्थित जिला जेल में एसटीडी फोन पर बात करने के लिए झगड़ा हो गया। एक गुट के तीन बंदियों ने मिलकर एक बंदी पर हमला कर दिया। बंदी ने शोर मचाया तो जेल के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और उसका इलाज कराया।
पावटी गांव निवासी हिमांशु ने बताया कि वह समालखा थाना के चार अक्टूबर 2022 के एक पोक्सो एक्ट मामले में सिवाह जेल में करीब 13 माह से बंद है। वह जेल में बैरक नंबर चार और कमरा नंबर तीन में रहता है। इसके अलावा 2022 के एक चोरी के मामले में उसे जमानत मिली हुई है। उसकी एक सप्ताह पहले एसटीडी पर बात करने कोे लेकर रविंद्र उर्फ छोटा के साथ कहासुनी हो गई थी। 31 अक्टूबर को शाम के समय एसटीडी पर फोन करने को लेकर मोहित निवासी बिंदरौली, जिला सोनीपत से कहासुनी हो गई थी। वह एक नवंबर को शाम सात बजे वह खाना खाकर शौचालय में हाथ धोने गया था।
इसी बीच मोहित, उसका साथी कुलदीप निवासी जसिया, सोनीपत, महेंद्र निवासी शामडी, सोनीपत ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपी मोहित ने स्टील के कप की पट्टी फाड़कर एक नुकीली वस्तु से उस पर हमला कर दिया। कुलदीप और महेंद्र ने उसे थप्पड़ मारे। आरोपी मोहित पर पहले से ही सिटी थाना सोनीपत में मारपीट और कुंडली थाना में दूसरा हत्या का मुकदमा दर्ज है। मंजूर नामक युवक ने उसे छुड़ाया। जिसके बाद जेल के पुलिसकर्मी ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया और इलाज कराया।