जिला नागरिक अस्पताल में बच्चों के साथ जमीन पर बैठी महिला। संवाद
- फोटो : udhampur news
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में तीन दिन से रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को भटकना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती महिलाओं को हो रही है। रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण तीन दिन में 70 के करीब गर्भवती महिलाएं बिना अल्ट्रासाउंड के लौट गईं। अस्पताल की व्यवस्था की बात करें तो यहां पिछले 10 साल से एक ही रेडियोलॉजिस्ट है दूसरा न होने से उनकी अनुपस्थिति में गर्भवतियों को बार-बार अस्पताल के चक्कर काटने पड़ते हैं। अस्पताल में बुधवार से रेडियोलाॅजिस्ट नदारद हैं इस कारण अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
अस्पताल में एक दिन में करीब 25 अल्ट्रासाउंड हो जाते हैं तीन दिन में करीब 70 के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए हैं। हरि नगर से अल्ट्रासाउंड करवाने पहुंची सुशीला ने बताया कि वह बुधवार को अस्पताल में पेट में दर्द होने के कारण अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आई थी लेकिन उस दिन अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिले अब शुक्रवार को आई तो आज भी अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद है और अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं हैं। अब उसे अल्ट्रासाउंड के लिए तीसरी बार अस्पताल आना पड़ेगा। अगर वह निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवाती है तो उसे करीब 800 रुपये का खर्च आएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 01:30 बजे के बाद रेडियोलॉजिस्ट अस्पताल में नहीं मिलने से अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी हुई थी।
अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की एक ही पोस्ट है। रेडियोलॉजिस्ट का बुधवार को कोर्ट होने से वे अस्पताल नहीं आ पाए। दो दिन से वे अवकाश पर है। शनिवार को अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट आ जाएंगे।
- डॉ. विजय मलिक, सीएमओ