पानीपत। ओपन काउंसलिंग के लिए भले ही विश्वविद्यालय का दाखिला पोर्टल मंगलवार को न खुला हो, लेकिन महाविद्यालयों ने इसकी वजह से अपना काम नहीं रोका। उन्होंने ओपन काउंसलिंग के लिए आए विद्यार्थियों के अंक और नाम अंकित करने के साथ ही उनके दस्तावेज जमा करा लिए। आकलन के साथ ही नाम तय कर लिए गए हैं, जिन्हें पोर्टल में अपडेट किया जाएगा। उम्मीद है कि बुधवार को सूची जारी कर दी जाएगी।
पहली और दूसरी लिस्ट में नाम न आने वाले विद्यार्थियों की आखिरी उम्मीद मंगलवार को ओपन काउंसलिंग रही। हालांकि मंगलवार को एडमिशन पोर्टल ही नहीं खुला। हायर एजुकेशन के एडमिशन पोर्टल पर सुबह दिखाया गया कि 11 बजे पोर्टल खुल जाएगा, लेकिन 11 बजे के बाद भी पोर्टल नहीं खुला और फिर 29 सितंबर को पोर्टल का खुलने का समय दिया गया। पानीपत के आर्य कॉलेज में दाखिला लेने के होड़ में तीन से चार हजार विद्यार्थी पहुंचे, जिससे कॉलेज में दिनभर भीड़भाड़ का माहौल रहा।
विषय संशोधित करने का विकल्प भी नहीं खुला, न ही विद्यार्थी का लॉगिन
ओपन काउंसलिंग में विषय संशोधित का विकल्प 28 सितंबर को भी नहीं आया है, जिससे कॉलेजों में पहुंचने वाले विद्यार्थियों का दाखिले के लिए विषय भी बदला नहीं जा सका। कॉलेज में पहुंचने वाले विद्यार्थियों का मंगलवार को ही फिजिकल ओपन काउंसलिंग का समय दिया गया था, जो अब 28 की जगह 29 सितंबर को होगा और तब कॉलेज में भी लिस्ट लगाई जाएगी। पोर्टल पर विद्यार्थी अपना लॉगिन भी नहीं कर पाए। दिनभर विद्यार्थियों का लॉगिन पोर्टल भी बंद रहा। इससे वे परेशान रहे।
90 प्रतिशत से ज्यादा विद्यार्थियों के दस्तावेज किए गए सत्यापित
मंगलवार को कॉलेजों में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों को सत्यापित कर लिया। जिसके बाद अलग-अलग कोर्स में सीट के अनुसार सबसे ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। कॉलेज में आए विद्यार्थियों की ऑफलाइन डाटा जमा कर लिया गया है, पोर्टल खुलने के बाद बुधवार को कॉलेजों में लिस्ट लगाई जाएगी।
पोर्टल चलने के बाद कॉलेज में लगेगी लिस्ट
पोर्टल खुलने के बाद आज कॉलेज में फिजिकल ओपन काउंसलिंग की लिस्ट लगेगी। विद्यार्थी के 12वीं के रिजल्ट के अनुसार दस्तावेजों को सत्यापित कर लिया गया है। पोर्टल न चलने से मंगलवार को ओपन काउंसलिंग नहीं हो पाई है, जो बुधवार को पूरी हो जाएगी। किसी भी विद्यार्थी को परेशान होने की जरूरत नहीं है, उनके अंक के अनुसार ही ओपन काउंसलिंग में दाखिला मिल जाएगा।
- जगदीश गुप्ता,प्राचार्य आर्य कॉलेज
रजिस्ट्रेशन पोर्टल नहीं हुआ ओपन
इनसो छात्र नेता बलराज देशवाल ने बताया कि जो छात्र यूजी कोर्स में रजिस्ट्रेशन करने से वंचित रह गए थे, उनके लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से दोबारा पोर्टल खोला जाना था। लेकिन छात्र सुबह से ही इंतजार करते रहे और पोर्टल नहीं खुला। दाखिला लेने के लिए आने वालों को सिर्फ निराशा हाथ लगी। खाली हाथ घर लौटना पड़ा।