शहर के बीचोंबीच स्थित अग्रवाल मंडी के तालाब की अर्बन लॉकल बॉडी के डायरेक्टर के आदेशों के दो साल बाद भी सफाई नहीं हो सकी है। प्रशासन और सरकार के सूखे दावों से खफा क्षेत्र के लोगों ने अब सोमवार से लघु सचिवालय पर धरना देने का फैसला लिया है। क्षेत्र के लोगों के रोष व्यक्त करने के बाद नगर निगम अधिकारियों की एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
समाज सेवा संगठन एवं वार्ड-20 के लोगों ने रविवार को कॉलोनी स्थित महावीर मंदिर में मीटिंग कर अग्रवाल मंडी स्थित तालाब पर चर्चा की। संगठन के प्रधान प्रवीन जैन ने कहा कि आठ जून को डीसी ने तालाब की सफाई की मंजूरी दी थी। जिसके बाद नगर निगम कमिश्नर ने तालाब का मौका देख तीन दिन के अंदर सफाई करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन 17 जून को नगर निगम कमिश्नर ने डायरेक्टर एवं सीएम ऑफिस में तालाब की साफ कराने बारे में पत्र तो भेज दिया, लेकिन सफाई आज तक नहीं हुई। इससे वार्ड वासियों में प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है।
कॉलोनी के लोग सोमवार को लघु सचिवालय पर धरना देकर तालाब की सफाई की मांग अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर पार्षद पति बलजीत सिंह, विक्रम, कैलाश जैन, सतप्रकाश, नीरज, गौरव, गंगा, सुभाष, बलबीर सिंह, आजाद सिंह, बलविंद्र, दयानंद, डॉ. सतीश, विजय, नरेश, कृष्ण लाल, सतीश, सुरेश, रमेश, मूलचंद व अशोक मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व लोगों की शिकायत पर चंडीगढ़ में अर्बन लॉकल बॉडी के डायरेक्टर ने तालाब सफाई के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक आदेश अमल में नहीं लाए गए।
मुख्य सफाई निरीक्षक बोले मशीन नहीं
समाज सेवा संगठन अध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर ने तालाब का मौका देख तीन दिन में सफाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद कॉलोनीवासी नगर निगम कमिश्नर से मिलने पहुंचे। जहां मुख्य सफाई निरीक्षक ने मशीन न होने के कारण सफाई न हो पाने की बात कही। वे मुख्य सफाई निरीक्षण के जवाब को सुनकर काफी चिंतित हुए।
पिछले दो साल से मिल रहा आश्वासन, समस्या ज्यों की त्यों
संगठन सदस्य एवं कॉलोनीवासियों ने बताया कि करीब दो साल से तालाब की सफाई को लेकर आश्वासन मिल रहा है। प्रशासन की अनदेखी के चलते समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। बार-बार मांग कर चुके हैं लेकिन कोई सुनाई नहीं हो रही। इससे सभी मेें रोष व्याप्त है। अब बरसात का मौसम आ गया है। ऐसे में कॉलोनी में पानी निकासी की समस्या गंभीर होगी।