पानीपत। शहर में बनने वाली अवैध इमारतों पर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में सात इमारतों को सील कर दिया। लंबे समय से राजनीतिक दबाव झेल रहे निगम की अचानक इस कार्रवाई ने शहर में अवैध निर्माण करने और उन्हें बचाने वाले नेेताओं के भी होश उड़ गए हैं। पिछले सप्ताह भी निगम जीटी रोड पर संजय चौक के पास दो कामर्शियल इमारतें सील कर चुका है।
खास बात यह है कि इनमें कई इमारतें ऐसी भी सील की गई हैं, जिन पर कार्रवाई न करने की सिफारिश खुद नेता करते थे। कई बार अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया जाता था। इसके एवज में कई बार निगम अधिकारी बदनामी और इलजाम तक झेल चुके हैं। कई बार ऐसा भी हुआ कि कार्रवाई के लिए निकली निगम टीम को पुलिस बल नहीं मिला। अंत में अधिकारियों ने राजनीति को दरकिनार कर नियमों के साथ कार्रवाई करने का फैसला किया है। अधिकारियों का दावा है कि उनकी यह कार्रवाई आगे भी ऐसे ही जारी रहेगी। इससे शहर में होने वाले अवैध निर्माण रुकेंगे और निगम का राजस्व भी बढे़गा।
...
ये इमारतें की सील, जो रहीं चर्चाओं में
निगम ने जीटी रोड पर जोगिंद्रा ढाबा वाली गली में उस चर्चित इमारत को भी सील किया, जो पहले भी शहर की चर्चाओं में रह चुकी है। यह इमारत धड़ल्ले से बनाई जाती रही। निगम अधिकारी कार्रवाई करने जाते तो शहर के नेता इसमें टांग अड़ा देते। एक बार नेता को इमारत मालिक ने शिकायत दी, जिस पर एक अफसर को बदनामी भी झेलनी पड़ी थी। इसके बाद अफसर का ट्रांसफर करवा दिया गया। दूसरी ओर निगम ने सेक्टर 25 स्थित डेज होटल के पास एक इमारत को सील किया। सेक्टर 24 टीडीआई के पास भी दो इमारतों को सील किया। ये इमारतें ऐसी थीं, जहां कुछ दिन पहले निगम की टीम कार्रवाई के लिए दल बल के साथ पहुंची, लेकिन पुलिस बल न मिलने से टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। बाद में पता चला कि यह कार्रवाई शहर के एक बड़े नेता की वजह से रोकी गई थी। इसके अलावा निगम ने सेक्टर 29 से रिसालू रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर तीन इमारतों को सील किया है।
वर्जन-
निगम ने बिना नक्शे और अनुमति के अवैध ढंग से बनाई जाने वाली सात इमारतों को सील किया है। इनको पहले नोटिस भी दिया जा चुका था, लेकिन निर्माण नहीं रुका तो निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- सुंदर श्योराण, एक्सईएन एवं डीटीपी, नगर निगम।