पानीपत। समालखा थाना क्षेत्र के डिकाडला गांव में हुए तिहरे हत्याकांड मामले में अन्य आरोपियों तक पुलिस अभी तक नहीं पहुंच पाई है। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ की गई, लेकिन उनके साथियों के ठिकानों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
9 जून की रात डिकाडला गांव में तीन दोस्तों नरेंद्र, विनोद और अनीप की स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक नरेंद्र के भाई रविंद्र की शिकायत पर गांव के ही मनीष और उसके आठ साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने मनीष और एक अन्य आरोपी तेजबीर उर्फ तेजा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने यूपी और दिल्ली में कुछ संभावित ठिकानों की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस टीमों ने दबिश भी दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
दोनों आरोपियों को सीआईए-1 टीम ने मंगलवार को दो दिन के रिमांड पर लिया था। इससे पहले भी एक आरोपी को 10 और दूसरे को 7 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा चुकी है। रिमांड पूरी होने पर दोनों को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। सीआईए-1 प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। ब्यूरो