पानीपत। थाना तहसील कैंप क्षेत्र में घर के बाहर खेलती हुई नौ साल की बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस बच्ची की तलाश में जुट गई। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक घंटे के बाद पुलिस ने बच्ची को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी सतीश कुमार वत्स ने बताया कि मोतीराम कॉलोनी की महिला ने बुधवार शाम को थाना में सूचना दी कि वह पानीपत में ही एक फैक्टरी में काम करती है। उनकी नौ वर्षीय बेटी आज स्कूल से छुट्टी की थी। बेटी सुबह करीब नौ बजे कॉलोनी में ही पड़ोसी के बच्चों के साथ खेलने की बात बोलकर घर से निकली थी। कुछ देर बाद वह भी फैक्टरी में काम पर चली गई। वापस आकर देखा तो उनकी बेटी घर पर नहीं थी। पड़ोस में पूछा तो उन्होंने भी जानकारी होने से इंकार कर दिया। बच्ची के लापता होने पर तुरंत ही इसकी सूचना तहसील कैंप थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
15 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। बच्ची सीसीटीवी में गली में अकेले जाते दिखाई दी। पुलिस की टीमें कॉलोनी में तलाश में जुटी थी। उसी समय बच्ची एक अन्य बच्चे के साथ आती दिखाई दी। पूछने पर बताया कि बच्चा उसका सहपाठी है और दोनों एक साथ खेलने चले गए थे। संवाद