पानीपत। आलू कारोबारी के 31 लाख रुपये लेकर गए नौकर की तलाश में पानीपत पुलिस गुजरात में डेरा डाले हुए है। पुलिस टीम ने गुजरात के अलग-अलग शहरों में दबिश दी, लेकिन अभी तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाई।
बीते 20 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद निवासी मुकेश चतुर भाई पटेल ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में केस दर्ज कराया था। उनका कहना था कि उसका हरियाणा में आलू का कारोबार है। उसके पास राजेंद्र निवासी महसाना गुजरात डेढ़ साल से काम करता था। शुक्रवार को वह हिसार व अन्य पांच अलग-अलग जबह से पेमेंट के 31 लाख 50 हजार रुपये पेमेंट लेकर आ रहा था। जब उससे आखिरी बार संपर्क हुआ तो वह पानीपत नया बस स्टैंड पर था। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया था। पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आरोपी को पकड़ने के लिए सीआईए-1 की टीम को लगाया गया था।
आरोपी की तलाश में सीआईए-1 की टीम गुजरात पहुंची थी। करीब एक सप्ताह से टीम वहीं पर डेरा डाले हुए है। अभी तक आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है। सीआईए-1 प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि टीम को गुजरात भेजा गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।