माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। तहसील कैंप थाना क्षेत्र की दीनानाथ कॉलोनी में युवक को पीटकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। लेकिन अभी तक पुलिस एक भी आरोपी तक नहीं पहुंच पाई। एसपी ने हत्याकांड की जांच सीआईए-1 की टीम को सौंपी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
जींद जिले के गांव पांजू कलां के हवा सिंह ने तहसील कैंप थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि दीनानाथ कॉलोनी में चार साल पहले उन्होंने मकान लिया था। जहां पर वह अपने बेटे अंकित के साथ रहते थे। कॉलोनी के लोग उन्हें वहां से भगाना चाह रहे थे। करीब छह माह पहले बस स्टैंड पर आरोपियों ने अंकित के साथ मारपीट की थी। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इसके बाद दो माह पहले अंकित घर पर ही था। उस समय आकाश उर्फ काली, राधे और उनके साथियों ने उनके मकान पर हमला कर दिया था। जिसका अंकित ने विरोध किया था। उस समय आरोपियों ने अंकित के खिलाफ ही थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था।
रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ दीनानाथ कॉलोनी में आए थे। जहां पर दूसरे पक्ष के तीन युवकों आकाश, राधे, हिमांशु ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गंडासी, लाठी डंडों से उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस उसी समय से आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपियों के रिश्तेदारियों में भी दबिश दी गई है। लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
हत्यारोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाए।
-मुकेश, प्रभारी थाना तहसील कैंप