पानीपत। राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को पुलिस लाइन में खेलेगा भारत, जीतेगा भारत थीम पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों ने रस्साकशी और वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा दिखाई।
एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन के खेल मैदान में शनिवार को महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिता कराई। इसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि शारीरिक व मानसिक मजबूती, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने से व्यक्ति स्वस्थ और ऊर्जावान रहता है तथा अपने कार्यक्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करता है। एसपी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल भावना, शारीरिक दक्षता, टीम भावना, अनुशासन, आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है। इस मौके पर भलाई शाखा प्रभारी वेदपाल, लाइन ऑफिसर कुलदीप मौजूद रहे।