सनौली। पत्थरगढ़ गांव में गोकशी की घटना का सनौली थाना पुलिस तीन दिन बाद भी खुलासा नहीं कर पाई। बजरंग दल और गोरक्षा दल संगठनों के साथ ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को जिला सचिवालय पर प्रदर्शन कर डीसी और एसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पुलिस सीआईए-1 और सनौली थाने पुलिस की टीम के लगातार संदिग्धों की तलाश करने का दावा कर रही है।
शुक्रवार को यमुना के किनारे पत्थरगढ़ गांव में गोवंश की गर्दन व अवशेष मिले थे। किसान कुलदीप ने बताया था कि उन्होंने अपनी गाय गांव में छोड़ी थी लेकिन गाय कुछ दिन बाद ही वह गुम हो गई थी। जब उन्होंने तलाश की तो वह पत्थरगढ़ के जंगल में पहुंचे। जहां पर सात से आठ गोवंश के अवशेष मिले थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। सीआईए-1 की टीम को भी गोकशी में संलिप्त लोगों की तलाश में लगाया था। टीम ने आसपास के गांवों के संदिग्धों की जांच पड़ताल की, लेकिन अभी तक पुलिस टीम वारदात का खुलासा नहीं कर पाई। गोरक्षक और बदरंग दल के पदाधिकारियों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस पर पूरे मामले में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। सोमवार को सभी संगठनों के कार्यकर्ता जिला सचिवालय पर प्रदर्शन करेंगे, इसके बाद डीसी और एसपी को प्रार्थनापत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। थाना सनौली प्रभारी वेदपाल ने बताया कि टीम अलग-अलग बिंदु पर जांच कर रही है। जल्द ही इस मामले में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।