पानीपत। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार नोमान इलाही पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने नोमान के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए हैं। जिसमें नोमान इलाही और इकबाल काना के बीच हुई बातचीत की ऑडियो भी शामिल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी में है।
पानीपत सीआईए-1 की टीम ने 13 मई को सेक्टर-29 थाना के अंतर्गत यूपी के शामली जिले के कैराना कस्बे के बेगमपुरा निवासी नोमान इलाही को गिरफ्तार किया था। नोमान पर शक था कि वह पाकिस्तानी एजेंट इकबाल काना और अन्य के संपर्क में है और सैन्य गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा है। पुलिस ने आरोपी को 14 मई को अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया था। आरोपी को 20 मई को कोर्ट में पेश कर चार दिन का रिमांड लिया था। पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी नोमान इलाही को 11 दिन तक लगातार चल पूछताछ के बाद उसे 24 मई को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश को आगे बढ़ाया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया था कि नोमान व्हाट्सएप पर इकबाल काना के अलग-अलग तीन नंबरों पर बात करता था और ऑपरेशन सिंदूर के समय सैन्य गतिविधियों की वीडियो भेजे थे। पुलिस ने उसके मोबाइल की फोरेंसिक लैब से चेट और कॉल डिटेल निकलवाई। इसके साथ वीडियो और ऑडियो रिकवर कर अपने कब्जे में ले ली। इन सभी को डिजिटल साक्ष्य के रूप में ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किया गया है। जो दस्तावेज मिले थे उनकी भी जांच करीब-करीब पूरी हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो भी सबूत मिले थे उन्हें एकत्र कर आरोप पत्र तैयार किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
वर्जन :
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोपी नोमान इलाही के खिलाफ तफ्तीश चल रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय पानीपत।