माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पानीपत की किशोरी से यूपी के बिजनौर में सामूहिक दुष्कर्म करने और बंधक बनाकर नौ माह तक वैश्यावृत्ति करने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का मेडिकल करा अदालत में बयान दर्ज कराए जा चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस ने किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मूल रूप से यूपी के मुजफ्फरनगर जिले की रहने वाली किशोरी अपने परिवार के साथ औद्योगिक थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में रहती है। किशोरी ने सेक्टर-29 थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि बिजनौर के रहने वाले सलमान ने पहले उसे निकाह करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सितंबर 2024 को उसे धोखे से बिजनौर ले गया। जहां पहले एक होटल और फिर अपने गांव में बंधक बनाकर रखा गया। जहां पर उससे नौ माह तक वैश्यावृत्ति कराई गई थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान, उसके भाई, पिता, जीजा, मां और तीन बहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल और उसके बयान भी दर्ज कराए हैं। साथ ही महिला एवं बाल कल्याण समिति के सामने पेश कर काउंसिलिंग कराई। लेकिन, अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जाएगी।