पानीपत। थाना चांदनी बाग पुलिस ने विद्यानंद कॉलोनी में युवक से मारपीट कर नकदी छीनने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को बुधवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। इनके दो साथी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने इनसे वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश शर्मा ने बताया कि उनकी टीम बुधवार को साहिल निवासी शिव नगर व शोयब उर्फ साधू निवासी विद्यानंद कॉलोनी को पानीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। यह लूट की एक वारदात में जेल में बंद थे।
इन्होंने 13 अप्रैल को विद्यानंद कॉलोनी में अपने साथी आरोपी नाजिम, आदिल व वसीम निवासी विद्यानंद कॉलोनी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने में कबूलनामा किया है। नाजिम अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इन्होंने 13 अप्रैल को विद्यानंद कॉलोनी निवासी मोहम्मद अली पर हमला कर 1400 रुपये लूटे थे। पुलिस ने इनके पास से 200 रुपये बरामद किए हैं। अब तक इस वारदात के चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं।