पानीपत। औद्योगिक सेक्टर-29 थाना की टीम ने राहगीरों से मारपीट कर लूटपाट के मामले में गिरोह के एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। नाबालिग आरोपी मधुबन बाल सुधार गृह व आरोपी सागर निवासी विकास नगर व दीपक निवासी सिवाह पानीपत जेल में बंद थे। आरोपियों ने पूछताछ में छह फरवरी की देर रात फ्लौरा चौक के पास पैदल जा रहे एक युवक व महिला से मोबाइल व कपड़े का बैग छीनने का आरोप स्वीकार किया है। उक्त वारदात में थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में सेक्टर-29 पार्ट टू की विजयेता की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि विजयेता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका भतीजा साहिल गुरुग्राम एक कोठी में काम करता है। साहिल छह फरवरी को पानीपत आया था। वह देर रात करीब 11 बजे भतीजे साहिल को नांगल खेड़ी के सामने सेक्टर 29 पुलिया पर लेने गई। वहां से दोनों बात करते हुए पैदल घर लौट रहे थे। जब वह रास्ते में फ्लौरा चौक के नजदीक पहुंचे तो अज्ञात तीन युवकों ने उनका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी। उसके भतीजे साहिल से कपड़ों का बैग व जेब से मोबाइल लूट ले गए। पुलिस ने नाबालिग आरोपी मधुबन बाल सुधार गृह व आरोपी सागर निवासी विकास नगर व दीपक निवासी सिवाह को पानीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। पूछताछ के बाद ने पुलिस ने नाबालिग आरोपी को शुक्रवार को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे मधुबन बाल सुधार गृह भेज दिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। दोनों आरोपियों से छीना मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।