संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। विकास नगर निवासी बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर से जबरन मंथली मांगने और न देने पर रास्ते में उससे व उसके रिश्तेदार के साथ मारपीट कर स्नैचिंग की वारदात में शामिल चौथे आरोपी को पुलिस ने जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद करने के लिए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि आरोपी राहुल उर्फ चिंटू निवासी सिवाह, अक्षय व गोविंद निवासी विकास नगर को गत दिनों गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक बरामद कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों ने अपने साथी आरोपी प्रीतम निवासी सुभाष नगर तहसील कैंप व अन्य तीन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने के बारे में स्वीकारा था।
सेक्टर 29 में अमरजीत ने शिकायत देकर बताया था कि उसका बिल्डिंग मटेरियल का काम है। गांव सिवाह निवासी राहुल व्हाट्सएप पर कॉल कर उससे रंगदारी मांगता है। मना करने पर आरोपी ने देख लेने की धमकी। सात मई को विकास उर्फ गोली ने 10-12 लड़कों के साथ मिलकर उस पर और उसके रिश्तेदार पर हमला कर दिया और फोन व बाइक की चाबी छीनकर फरार हो गए।