प्रियंका ने अपनी शिकायत में बताया कि 5 जून को शाम करीब 6:20 बजे वह और उनकी दोस्त किरण अटल सेवा केंद्र पर थीं। दो युवक बाइक पर आए, जिनमें से एक ने ऑनलाइन भुगतान के बदले तीन हजार रुपये नकद मांगे। किरण ने पैसे गिनकर रबड़ से बांधने शुरू किए, तभी एक आरोपी ने 50 हजार रुपये छीन लिए और अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
ठगी की वारदात भी कबूली
इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने उसी दिन विद्यानंद कॉलोनी में एक दुकानदार से तीन हजार रुपये की ठगी की वारदात भी स्वीकार की। आरोपियों ने दुकानदार से नकद पैसे लिए और खाते में पैसे ट्रांसफर किए बिना भाग गए। इस मामले में उग्राखेड़ी निवासी प्रदीप की शिकायत पर चांदनी बाग थाने में मामला दर्ज है।
शॉर्टकट तरीके से कमाना चाहते थे पैसे
इंस्पेक्टर विजय के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट और ठगी की साजिश रची। पुलिस ने लूटी गई नकदी बरामद करने और गहन पूछताछ के लिए शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।