हरिद्वार से गंगा जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की सुरक्षा के चलते पानीपत हरिद्वार वाया मुजफ्फर नगर रूट को शिवरात्रि तक बंद कर दिया है। जिससे हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को यमुनानगर वाया देहरादून के रास्ते से होकर जाना पड़ रहा है। रूट लंबा होने पर रोडवेज ने किराए में भी 80 रुपये की वृद्धि कर दी है।
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर उत्तरप्रदेश प्रशासन द्वारा चार अगस्त को हरिद्वार रूट का ट्रैफिक मुजफ्फर नगर के पास से डाइवर्ट कर दिया था। तब बसें अन्य लोकल रूटों से होकर हरिद्वार पहुंच रही थीं। रोडवेज द्वारा अतिरिक्त रूट के चलते किराए में 40 रुपये की बढ़ोतरी की थी। लेकिन शिवरात्रि का पर्व समीप आने पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर यूपी प्रशासन द्वारा सभी रूटों पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है।
जिससे अब पानीपत से हरिद्वार जाने वाली बसें करनाल, यमुनानगर वाया देहरादून से होकर हरिद्वार जा रही हैं। जिससे बसों के रूट में करीब सौ किलोमीटर का चक्कर बढ़ गया है। इस पर रोडवेज ने एक बार फिर किराए में 40 रुपये की बढ़ोतरी कर हरिद्वार का किराया 240 रुपये कर दिया है। जबकि मुजफ्फर नगर रूट से जाने पर 160 रुपये किराया निर्धारित है।
हरिद्वार रूट से बसों की संख्या कम कर दी गई है। कांवड़ मेले के चलते यूपी प्रशासन द्वारा सभी रूटों पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। यात्रियों की सुविधानुसार जो बस हरिद्वार जा रही हैं, वे यमुनानगर वाया देहरादून होकर जा रही हैं । उनके किराए में बढ़ोतरी की गई है।
जोगिंद्र सिंह, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो पानीपत।