मतलौडा। पानीपत-जींद स्टेट हाईवे स्थित ऊंटला गांव के नजदीक रविवार दोपहर खेतों में लगी भीषण आग ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। एक किसान के खेत से शुरू हुई आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों एकड़ में फैले गेहूं के फानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग से उठते घने धुएं ने हाईवे पर दृश्यता कम कर दी, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह करीब 10:30 बजे लगी आग का असर दोपहर बाद 3 बजे तक बना रहा। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को धुएं व गर्मी से जूझना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर न तो आग बुझाने के पर्याप्त प्रयास नजर आए और न ही दमकल विभाग या पुलिस को समय रहते सूचना मिल सकी। रविवार को 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने आग को और विकराल बना दिया।
दूसरी ओर थर्मल प्लांट की राखी झील से उड़ती राख ने खुखराना गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को धुएं और राख दोनों से दोहरी मार झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी और तेज हवाओं के बीच हुई इस घटना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।