कबड्डी प्रतियोगिता में दमखम दिखाते खिलाड़ी। संस्थान
सनौली। अक्षज इंटरनेशनल स्कूल बापौली में चल रही सीबीएसई नार्थ जोन कलस्टर 15वीं कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को दूसरा दिन रहा। दूसरे दिन विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक एवं कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ मैदान में शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि चौधरी राजिंदर रावल ने प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या डॉ. उपासना त्यागी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। संवाद