समालखा। शहर के व्यस्त गुलाटी रोड बाजार में मंगलवार सुबह पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने महिला समेत चार लोगों पर हमला कर उन्हें काट लिया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
कुत्ता एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में घुस गया और वहां ग्राहक को भी काट लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायलों को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। दुकानदार रमेश और दीपक ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे एक पिटबुल गुलाटी रोड पर आ गया और राहगीरों पर हमला करने लगा। उसने एक महिला को काट लिया।
इसके बाद वह मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में घुस गया और वहां मौजूद ग्राहक पर हमला कर दिया। दुकानदार ने किसी तरह ग्राहक को कुत्ते से छुड़ाया।
गाड़ी से उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पाई पुलिस
दुकानदारों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान दो स्थानीय युवक डंडे लेकर कुत्ते को काबू करने का प्रयास करते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी कुत्ते के खौफ के कारण गाड़ी से नीचे उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। कुछ देर बाद वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि वह पिटबुल को नियंत्रित करना जानता है। उसने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद कुत्ते को शांत किया और अपने साथ ले गया। समालखा थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।