दो भाइयों की जेब काटकर भाग रहे नाबालिग जेबकतरे की रविवार को यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर जमकर धुनाई की। बाद में इसे यात्रियों ने राजकीय रेलवे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दोनों भाई अपने अशक्त माता-पिता को ट्रेन में बिठाने आए थे। हालांकि इस दौरान आरोपी नाबालिग के साथी पैसे लेकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।
जानकारी के अनुसार पानीपत रेलवे स्टेशन पर रविवार को दोपहर बाद सलारगंज गेट पानीपत निवासी कैलाश व शंभू की अपने अशक्त माता-पिता को कटिहार-आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन में बिठाने आए। करीब दो बजे ट्रेन रेलवे स्टेशन पहुंची। इस दौरान शंभू की जेब में 400 व कैैलाश की जेब में एक हजार रुपये थे। दोनों भाइयों ने अपने अशक्त माता-पिता को ट्रेन में विकलांग कोच में बिठा दिया।
इस दौरान ट्रेन के विकलांग कोच में पहले से ही सवार नाबालिग जेबकतरे ने पहले शंभू की जेब से 400 रुपये निकाले और अपने साथियों के पास फेंक दिए। नाबालिग जेबकतरे के साथी ट्रेन की दूसरी तरफ नीचे खड़े थे। इसके बाद जब नाबालिग ने कैलाश की जेब से पैसे निकाले और उन्हें भी अपने साथियों के पास फेंक दिया। इस बीच कैलाश ने उन्हें ऐसा करते हुए देख लिया। मौके पर ही कैैलाश ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने एक नाबालिग जेबकतरे को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद जेबकतरे को जीआरपी को सौंप दिया। इस दौरान आरोपी के दूसरे साथी दोनों भाइयों के 1400 रुपये लेकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।