समालखा। चुलकाना धाम में श्री श्याम बाबा का वार्षिक फाल्गुनी उत्सव का वीरवार से श्रद्धा और उल्लास के साथ आगाज हो गया। चुलकाना आने वाले सभी सात रास्तों पर पूरा दिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।
तीन दिवसीय मेले के पहले दिन करीब 30 से 35 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। अगले दो दिन एकादशी व द्वादशी पर श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन रविवार को संपन्न होगा। वीरवार को तड़के ही समालखा से चुलकाना धाम तक सभी मार्ग हारे के सहारे श्री श्याम बाबा हमारे के जयघोष से गूंज उठे। डीजे की धुन पर झूमते, रंग-गुलाल उड़ाते और भक्ति में सराबोर श्रद्धालु बाबा के दर्शनों के लिए धाम पहुंचे। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया। मंदिर में एक और तीन नंबर गेट से श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया। मंदिर में पूरा दिन दर्शनों के लिए लाइन लगी रही। बाबा के दर्शन करने के बाद पीपल के पेड़ की पूजा अर्चना की। मंदिर के प्रधान रोशनलाल छौक्कर ने बताया कि बाबा का शृंगार कोलकाता के फूलों से किया गया है।