पानीपत। कुटानी रोड दलबीर नगर में एक पालतू कुत्ते ने पड़ोस के एक बच्चे को काट लिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। जिससे गुस्साए बच्चे के परिजनों ने कुत्ते को पीटकर मार डाला।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
दलबीर नगर की मोनिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाली रेणू ने जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता पाल रखा है। 31 मई को कुत्ते ने उसके छोटे बेटे यश पर हमला कर दिया था। कुत्ते ने बच्चे के सिर और शरीर के अन्य अंगों पर काटा था। जिससे वह घायल हो गया था। बच्चे को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। जब उन्होंने कुत्ते के मालिक से शिकायत की तो उन्होंने उलटा उन्हीं के साथ गाली गलौज शुरू कर दी थी। आरोप है कि आरोपियों के पास कुत्ता पालने का कोई लाइसेंस नहीं है। पुलिस ने कुत्ते की मालिक रेणू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधर, रेणू ने भी थाने में शिकायत देकर बताया कि 31 मई की शाम को करीब छह बजे वह कुत्ते के साथ घर के बाहर बैठी थी। उसी समय पड़ोसी राका अपने छह साल के बच्चे के साथ वहां से गुजर रहा था। बच्चे की हरकत को देखकर कुत्ता भौंक पड़ा। जिस पर राका ने अपने बेटे से कहा कि कुत्ते के सिर में ईंट मारा। जैसे ही उसने ईंट मारी तो कुत्ते ने बच्चे को काट लिया। उन्होंने इस पर माफी मांगी और बच्चे को डॉक्टर के पास ले जाने को कहा। लेकिन राका ने कुत्ते को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी राका उसके साथी अरूण, जयलाल का बड़ा बेटा और अन्य साथ उनके घर में घुस गए कुत्ते पर हमला कर दिया। कुत्ते को पीटकर अधमरा कर दिया और रस्सी में बांधकर कॉलोनी के खाली प्लॉट में एक गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया। जिससे कुत्ते की मौत हो गई।