चार घंटे तक इंतजार की शिकायत, शिविर में 20 के बने प्रमाणपत्र, चार दिव्यांग रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिले में दिव्यांगों को प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जिला नागरिक अस्पताल के बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद चिकित्सकों की जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार को अस्पताल में आयोजित दिव्यांग जांच शिविर में 20 प्रमाणपत्र बनाए गए, जबकि चार दिव्यांगों को रेफर किया गया।
चिकित्सकों के एक साथ उपलब्ध नहीं होने से दिव्यांगों को अलग-अलग ओपीडी में जाकर जांच करवानी पड़ी। कुछ दिव्यांगों को प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए चार से पांच बार अस्पताल आना पड़ रहा है।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ के दो, मनोरोग विशेषज्ञ के 10, फिजिशियन का एक, ईएनटी विशेषज्ञ का एक और हड्डी रोग विशेषज्ञ के छह प्रमाणपत्र बनाए गए। नेत्र रोग और ईएनटी विशेषज्ञ के बोर्ड में उपलब्ध नहीं होने के कारण दिव्यांगों को ओपीडी ब्लॉक के भूतल और प्रथम तल के चक्कर काटने पड़े।
चार बुधवार चक्कर काटने के बाद हुई जांच
देवी मंदिर रोड निवासी दर्शना ने बताया कि उनके बाएं हाथ में समस्या है। वह दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पिछले चार बुधवार से अस्पताल के चक्कर काट रही हैं। बुधवार को वह सुबह 10 बजे अस्पताल पहुंचीं, लेकिन चिकित्सक करीब एक बजे शिविर में पहुंचे। इसके बाद उनकी जांच हुई और आगे की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्हें चिकित्सकों के इंतजार में करीब तीन घंटे बैठना पड़ा।
बुधवार को दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने के लिए चिकित्सकों का बोर्ड बैठता है। इसमें चिकित्सक दिव्यांगों की जांच कर प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी करते हैं। कागजी कार्रवाई में कुछ समय लगता है, लेकिन यह ध्यान रखा जाता है कि दिव्यांगों को परेशानी न हो। -डॉ. बिजेंद्र हुड्डा, कार्यक्रम नोडल अधिकारी
4