पानीपत। पिछले पांच साल में एक भी विकास कार्य न होने से परेशान वार्ड पांच के विजय और न्यू विजय नगर के लोग रविवार को सांकेतिक धरने पर बैठ गए। लोगों का ये धरना बाल संत स्कूल व बालाजी मंदिर दोपहर 12 बजे से साढ़े छह बजे तक जारी रहा। जिसमें लोगों ने कहा कि उनकी कॉलोनी में पिछले पांच साल में विकास के नाम पर पांच ईंटे भी नहीं लगी हैं। उनकी गलियां कच्ची और टूटी पड़ी हैं। घरों में पिछले दो दिन से पीने का पानी नहीं आ रहा है। बिजली के खंभों में करंट रहता है। स्ट्रीट लाइटें न होने की वजह से अंधेरा छा जाता है। परिवार पहचान पत्र की त्रुटियां ठीक नहीं हो रही। प्रॉपर्टी आईडी गलत बना दी गई हैं। यहां तक की सरकार और प्रशासन की ओर से किसी को वोट बनाने तक के लिए नहीं भेजा जा रहा। उनकी कॉलोनी के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
धरने पर बैठे लोगों ने निगम और नेताओं को एक सप्ताह का अल्टीमेटम जारी करते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह में उनकी कॉलोनी में विकास कार्य शुरू नहीं हुए तो वे अगले रविवार को पार्षद के आवास पर धरना देंगे। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो निगम का घेराव करेंगे।
इस पर वार्ड पार्षद अनिल बजाज ने कहा कि न्यू विजय नगर के तीन कामों के टेंडर लगवाए गए हैं। एक का वर्क ऑर्डर हो चुका है, दूसरे की अनुमति मिलनी बाकी है। तीसरे को भी जल्द जारी करवाने के बाद धरातल पर काम चालू करवाए जाएंगे।
समाज सेवी जितेंद्र कंडेला ने कहा कि इससे पहले भी सांकेतिक धरना दे चुके हैं। निगम आयुक्त से मिलकर समस्याओं बारे अवगत करा चुके हैं लेकिन निगम अधिकारी उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। उनकी कॉलोनी के लोग निगम में टैक्स जमा करवाते हैं। अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए उन्हें मजबूरन संघर्ष करना पड़ रहा है।
बॉक्स
पांच हजार की आबादी, पांच साल से नहीं हुआ कोई काम:
जितेंद्र कंडेला ने बताया कि विजय नगर में दो गलियां विकास से अछूती हैं जबकि पूरा न्यू विजय नगर विकास से कोसों दूर हैं। पिछले पांच साल में कॉलोनी में एक भी काम नहीं हुआ है। यहां के बद हालाताें की वजह से पिछले सप्ताह ई रिक्शा पलटने से एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
धरने प्रदर्शन में कपिल , आचार्य महेश भारद्वाज, मनीष मालिक, मास्टर सचिन पाल, रवि गुज्जर, नितिन पांचाल, प्रणामी नीशू पांचाल, पंकज कुमार, रमन कंड़ेला, ग्रीश भारद्वाज, विक्की कुमार डॉ. रवि शर्मा, राजेंद्र शर्मा और हर्ष कश्यप आदि मौजूद रहे।