पानीपत। एचएसवीपी (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) आरडब्ल्यूए के साथ कई बार बैठक होने के बाद भी सात रिहायशी सेक्टरों में मूलभूत सुविधा नहीं दे पा रहा है। सेक्टरों में सड़क व सीवर के साथ कूड़ा उठान तक के लिए सेक्टरवासी परेशान हैं। ऐसे में सेक्टरवासियों में प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी है। वहीं आरडब्ल्यूए ने 16 फरवरी को अधिकारियों का घेराव करने का फैसला लिया है।
हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कनफेडरेशन ने सोमवार को सेक्टर-7 में विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विशेष रूप से सफाई और पानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कनफेडरेशन के जिला संयोजक बलजीत सिंह और सेक्टर-7 आरडब्ल्यूए प्रधान मास्टर रणधीर सिंह व उप प्रधान रामपत नैन ने कहा कि सेक्टरों में सफाई की व्यवस्था इतनी बेहतर नहीं है। यहां नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। घरों में भी कई-कई दिनों तक गड़ियां कूड़ा लेने के लिए नहीं आ रही हैं। सेक्टरों में पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं है। प्राधिकरण के दिए पानी में शुद्धता की कोई गारंटी नहीं है। ऐसे में सरकारी नल का सीधा पानी पीने पर बीमार होने का डर बना रहता है। सेक्टर-6, 7, 18, 24 व 40 में सफाई की बुरी स्थिति बनी हुई है। सेक्टरवासी इसके समाधान के लिए 10 फरवरी को नगर निगम आयुक्त डाॅ. पंकज को मांगपत्र देंगे। इसके बाद 16 फरवरी की एचएसवीपी के कार्यालय में विराेध प्रदर्शन करेंगे। इसमें सेक्टरों में विकास कार्य व मूलभूत सुविधाओं की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि सेक्टरों में समस्याओं के समाधान होने तक संघर्ष जारी रखेंगे। ब्यूरो