समालखा। करहंस गांव में शिव मंदिर के पीछे इंदिरा काॅलोनी में जनस्वास्थ्य विभाग की पानी सप्लाई नहीं पहुंचने से लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गावों वालों ने बीडीपीओ से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। सरपंच सुखबीर ने जनस्वास्थ्य अधिकारी से गांव में लीकेज पाइप लाइनों की मरम्मत करवा कर कालोनी में पानी पहुंचाने की भी मांग की है।
गांव वासी सुरेश मोहन, प्रेम, सूबे सिंह, सतीश, मोनू ने बताया इंदिरा कालोनी में 12 से अधिक परिवार रहते हैं। गांव में लड़कियों के स्कूल के पास लगे नलकूप से उन की कालोनी में पहले पानी सप्लाई आती थी। गांव में लगे जनस्वास्थ्य विभाग के गांव में चार नलकूपों में से एक नलकूप का बोर खराब हो जाने के बाद पूरे गांव की सप्लाई एक-दूसरे नलकूप से जोड़ दी गई। अब प्रेशर कम होने से ऊंचाई पर इंदिरा कालोनी में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गर्मी में पीने का पानी नहीं मिलने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कालोनी निवासियोंं को काफी दूर जाकर पानी लाना पड़ता है। सरपंच सुखबीर ने बताया कि इंदिरा कालोनी महात्मा गांधी बस्ती योजना के तहत काटी गई थी। पानी की समस्या से परेशान होकर कुछ प्लाट धारकों ने अपने प्लाटों को बेच भी दिया है।