- पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर भेजा जेल, स्कूल बस की चपेट में आकर घायल हो गया था प्रियांश
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अंसल के गेट नंबर-एक पर केआर मंगल स्कूल बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल बच्चे प्रियांश के उपचार के लिए मदद के हाथ बढ़ने लगे हैं। पानीपत के अलग-अलग संगठनों ने बच्चे की मदद की है। अभी तक पांच से छह लाख रुपये की मदद की जा चुकी है। जिस स्कूल की बस से हादसा हुआ था, उसकी प्रबंधन ने भी पांच लाख रुपये की मदद का आश्वासन दिया है। फिलहाल बच्चे का गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने स्कूल बस के चालक राजेश निवासी निंबरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बीते 3 अक्टूबर को अंसल के गेट नंबर एक पर केआर मंगलम स्कूल की बस ने 12 साल के बच्चे प्रियांश को टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गुरुग्राम के एक अस्पताल में उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। बच्चे के खर्च में प्रतिदिन दो से ढाई लाख रुपये का खर्च हो रहा है। परिवार इतना खर्च वहन नहीं कर सकता। मदद बैंक, अग्रवाल समाज, अंसल स्थित शिव मंदिर और हनुमान सभा समेत कई अन्य एनजीओ ने मदद की है। सेक्टर-13-17 निवासी प्रियांश के पिता विवेक मित्तल ने बताया कि मदद के लिए उनके पास लगातार कॉल आ रही हैं। विवेक मित्तल ने बताया कि सोमवार को शहर के कुछ लोगों ने स्कूल पहुंचकर स्कूल प्रबंधन से भी बात की। स्कूल प्रबंधन ने पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है।
बस चालक को भेजा जेल
बच्चे के पिता विवेक मित्तल की शिकायत पर थाना सेक्टर- 13-17 पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। उनका कहना था कि प्रियांश अपने छोटे भाई को हनुमान सभा छोड़कर लौट रहे थे। अंसल गेट नंबर एक के पास के आर मंगलम स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालक राजेश निवासी निंबरी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।