पानीपत। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने एक जिंदा व्यक्ति को मृत घोषित कर उसकी पेंशन काट दी। व्यक्ति को तीन महीने ही अपनी पेंशन मिली। अब बुजुर्ग अपनी पेंशन फिर से शुरू करवाने के लिए समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रहा है।
समाज कल्याण विभाग ने नौ मार्च-2015 को गांव बाल जटान निवासी राजपाल को कागजों में मृत घोषित कर उसकी पेंशन काट दी। लड़के सोमबीर ने बताया कि उसके पिता राजपाल की पेंशन दिसंबर 2014 में बनी थी। उनको तीन माह ही पेंशन ही मिल सकी, इसके बाद बंद हो गई।
समाज कल्याण विभाग में संपर्क किया, तो बताया गया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। इसलिए उनकी पेंशन बंद कर दी गई है। यह सुनकर वह अपने पिता को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचा। इस पर अधिकारियों ने दो माह के बाद पेंशन शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी अब तक पेंशन नहीं मिल सकी।
सोमबीर ने बताया कि उसके पिता राजपाल को चलने-फिरने में परेशानी होती है। इसीलिए वह स्वयं अपने पिता को लेकर उपायुक्त के सामने पेश हुए थे। इसके बाद उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को एप्लीकेशन भेज दी थी। लेकिन, ठोस कार्रवाई अभी तक नहीं हुई।
वर्जन
गांव बाल जटान निवासी राजपाल की पेंशन को शुरू करने के लिए चंडीगढ़ लेटर भेजा जा चुका है। जैसे ही फाइल आती है, जल्द से जल्द पेंशन शुरू कर दी जाएगी।
अश्विनी मदान, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पानीपत।