पानीपत। गोरक्षा दल के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक गोरक्षकों को फर्जी बताने पर नाराजगी व्यक्त की है। दल के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गोरक्षक फर्जी नहीं हो सकता। वह इस अभियान से अपनी आत्मा के साथ जुड़ा है।
गोरक्षा दल की बैठक सोमवार को आर्य बाल भारती पब्लिक स्कूल में हुई। इसकी अध्यक्षता गोरक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र आर्य ने की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर गोरक्षकों को फर्जी बताना गलत है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को गो तस्कर ऐसे उलझा रहे हैं, जिससे वे अपने आप ही गोरक्षकों पर लगाम लगा दें।
ऐसा करने से गोतस्कर कुछ हद तक सफल भी हो रहे हैं। लेकिन, वे उनके इस षड्यंत्र को पूरा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि गोरक्षा दल प्रधानमंत्री मोदी को बताना चाहता है कि गोभक्त अपनी जान की बाजी लगाकर गोतस्करी रोकने का प्रयास कर रहे हैं। वे ऐसा भविष्य में भी करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से किसी घटना को अंजाम देने की कुछ घटनाएं सामने आई हैं। गोरक्षा दल ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने की मांग भी कर चुका है।
लेकिन, हर किसी पर इस तरह के आरोप लगाना ठीक नहीं हैं। गोरक्षा दल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखेंगे। इस अवसर पर जिला प्रधान नरेश बैनीवाल, वेणू गोपाल, अभय आर्य, रिंकू आर्य, सन्नी सिंगला, सुभाष गढ़ी छाजू, सोनू आर्य, रोहित व सोनू आर्य मौजूद रहे।
पुलिस को दी है फर्जी गोरक्षकों की शिकायत
गोरक्षा दल ने खुद ही फर्जी गोरक्षकों पर कार्रवाई करने की शिकायत पुलिस को दी है। ये सही है कि कुछ लोग गोरक्षक बनकर रात को अपना काम निकालना चाहते है। योगेंद्र आर्य ने बताया कि उन्होंने खुद पुलिस से ऐसे लोगों को पकड़ने की मांग की है।
गोचर भूमि को पट्टे पर देना गलत
पिछली सरकार ने गोचर भूमि को खाली छोड़ रखा था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे पट्टे पर दिया हुआ है। मुख्यमंत्री ने पांच गौ अभ्यारण बनाने की बात की थी। इस पर अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है। सरकार को गायों को बचाने के लिए पॉलीथिन पर भी प्रतिबंध लगाना चाहिए।
योगेंद्र आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार गायों की देखभाल के लिए कुछ नहीं कर रही। गोरक्षा दल पूरे हरियाणा में गोशालाओं के माध्यम से करीब तीन लाख गायों का भरण पोषण कर रहा है। सरकार को गायों के लिए दिए जाने वाला अनुदान भी बढ़ाना चाहिए।